NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

संपत्ति विवाद: बेंगलुरु में रोकी गईं YS शर्मिला रेड्डी, पुलिस ने दिखाया कोर्ट का आदेश

Share This Post

आंध्र प्रदेश की राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन वाईएस शर्मिला रेड्डी के बीच चल रहा पारिवारिक और संपत्ति विवाद अब पुलिस और अदालत तक पहुंच गया है। रविवार शाम बेंगलुरु पुलिस ने आंध्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) की अध्यक्ष वाईएस शर्मिला को येलाहांका स्थित उस संपत्ति पर जाने से रोक दिया, जहां उनके भाई जगन मोहन रेड्डी वर्तमान में रह रहे हैं।

पुलिस ने इस कार्रवाई के पीछे स्थानीय अदालत के निषेधाज्ञा (इंजंक्शन) आदेश का हवाला दिया। अदालत ने संपत्ति विवाद के चलते शर्मिला के वहां प्रवेश और संपत्ति पर कब्जे में हस्तक्षेप करने पर रोक लगाई है।

एयरपोर्ट से जाते समय पुलिस ने रोका

शर्मिला रविवार शाम करीब 6 बजे बेंगलुरु एयरपोर्ट से येलाहांका स्थित विवादित संपत्ति की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें एयर फोर्स क्रॉस पर रोक लिया। अधिकारियों ने उन्हें अदालत का आदेश दिखाया और वहां से लौटने को कहा।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, Z-श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त जगन मोहन रेड्डी ने अपनी बहन के साथ संपत्ति विवाद को लेकर येलाहांका पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद स्थानीय अदालत ने शर्मिला को विवादित संपत्ति में प्रवेश करने से रोकने का आदेश जारी किया था।

बताया जा रहा है कि शर्मिला को इस आदेश की जानकारी नहीं थी। पुलिस द्वारा रोके जाने और अदालती आदेश दिखाए जाने के बाद ही उन्हें इसकी जानकारी मिली। इसके बाद वह वहां से चली गईं।

पुलिस ने क्या कहा?

डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस जी.के. मिथुन कुमार ने पीटीआई को बताया कि अदालत का आदेश है, जिसके तहत शर्मिला को संबंधित संपत्ति में जाने से स्थायी रूप से रोका गया है। आदेश दिखाए जाने के बाद वह वहां से चली गईं।

वहीं, आंध्र प्रदेश कांग्रेस ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाए। अमरावती में जारी पार्टी के बयान के अनुसार, शर्मिला ने पुलिस से पूछा कि उन्हें अपने ही आवास पर जाने से क्यों रोका जा रहा है।

पार्टी ने कहा कि पुलिस ने APCC प्रमुख को एयर फोर्स क्रॉस पर रोककर येलाहांका स्थित आवास पर जाने से मना कर दिया।

अदालत ने 21 नवंबर को जारी किया था आदेश

देवनाहल्ली के वरिष्ठ सिविल जज की अदालत ने 21 नवंबर को एक अंतरिम निषेधाज्ञा आदेश जारी किया था। इसके तहत वाईएस शर्मिला, उनके परिवार के सदस्यों, एजेंटों, प्रतिनिधियों और उनकी ओर से काम करने वाले अन्य लोगों को ‘सिलिकॉन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड’ के कब्जे वाली संपत्ति में किसी भी तरह का हस्तक्षेप करने से रोक दिया गया है।

यह आदेश सिलिकॉन बिल्डर्स की ओर से दायर मुकदमे के बाद जारी किया गया। कंपनी का दावा है कि लीज एग्रीमेंट यानी पट्टा समझौते के तहत संपत्ति पर उसका कानूनी कब्जा है।

सूत्रों के मुताबिक, कंपनी ने आरोप लगाया था कि शर्मिला और उनकी ओर से काम करने वाले लोग संपत्ति पर उसके कब्जे में हस्तक्षेप करने की कोशिश कर रहे थे। अदालत ने इसी मामले में अंतरिम राहत देते हुए हस्तक्षेप पर रोक लगाई।

जगन और शर्मिला के बीच लंबे समय से विवाद

यह पूरा घटनाक्रम जगन मोहन रेड्डी और उनकी बहन वाईएस शर्मिला के बीच चल रहे संपत्ति विवाद से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि जगन फिलहाल येलाहांका स्थित इसी विवादित संपत्ति में रह रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जगन ने संपत्ति विवाद को लेकर येलाहांका पुलिस से संपर्क किया था और सुरक्षा की मांग करते हुए अदालत के आदेश का हवाला दिया था।

रविवार को शर्मिला के बेंगलुरु पहुंचने और संपत्ति की ओर जाने की सूचना मिलने पर पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही रोक दिया। फिलहाल यह विवाद राजनीतिक और पारिवारिक दोनों ही स्तरों पर चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *