NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

रवि प्रदोष व्रत पर होगी शिव परिवार और सूर्य देव की पूजा, जानें अभिषेक विधि

Share This Post

हिंदू धर्म में प्रदोष व्रत का विशेष धार्मिक महत्व है। यह व्रत भगवान शिव को समर्पित होता है। मान्यता है कि इस दिन विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। प्रत्येक महीने दो बार शुक्ल पक्ष और कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत रखा जाता है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, प्रदोष काल में भगवान शिव की आराधना करने से जीवन की परेशानियां दूर होती हैं। इस दिन शिवलिंग पर गंगाजल, दूध और बेलपत्र अर्पित करना बेहद शुभ माना जाता है। नवंबर महीने का आखिरी प्रदोष व्रत रविवार को पड़ रहा है, इसलिए इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाएगा। आइए जानते हैं इसकी तिथि, शुभ मुहूर्त, पूजा विधि और धार्मिक महत्व।

कब रखा जाएगा नवंबर का आखिरी प्रदोष व्रत?

हिंदू पंचांग के अनुसार, कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 22 नवंबर 2026 को सुबह 4 बजकर 56 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, इसका समापन 23 नवंबर को रात 2 बजकर 36 मिनट पर होगा। उदयातिथि और प्रदोष काल के आधार पर यह व्रत 22 नवंबर, रविवार को रखा जाएगा।

रविवार के दिन पड़ने के कारण इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाता है। इस दिन भगवान शिव की पूजा के लिए शाम 4 बजकर 59 मिनट से रात 7 बजकर 37 मिनट तक का समय शुभ रहेगा।

रवि प्रदोष व्रत की पूजा विधि

रवि प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव के साथ सूर्य देव की पूजा का भी विशेष महत्व है। इस दिन पूजा करते समय इन नियमों का पालन करना शुभ माना जाता है।

सुबह की पूजा और संकल्प: व्रत के दिन सूर्योदय से पहले उठकर स्नान करें। इसके बाद सूर्य देव को जल अर्पित करें और भगवान शिव का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लें।

शिवलिंग का अभिषेक: पूजा स्थल की साफ-सफाई करने के बाद भगवान शिव की प्रतिमा या शिवलिंग का पंचामृत से अभिषेक करें। इसके बाद शुद्ध जल अर्पित करें। शिवलिंग पर बेलपत्र, फूल और फल चढ़ाएं।

शाम की पूजा: प्रदोष काल में भगवान शिव, माता पार्वती और पूरे शिव परिवार की विधि-विधान से पूजा करें। इस दौरान शिव चालीसा का पाठ करें और भगवान कीआरती उतारें।

व्रत का पारण: पूजा संपन्न होने के बाद व्रत के नियमों और परंपराओं के अनुसार उपवास का पारण करें।

रवि प्रदोष व्रत का धार्मिक महत्व

रविवार को पड़ने वाले प्रदोष व्रत में भगवान शिव के साथ सूर्य देव की उपासना का भी विशेष महत्व बताया गया है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन दोनों देवताओं की पूजा करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और सुख-समृद्धि का आगमन होता है।

नौकरी और कारोबार में तरक्की की कामना करने वाले भक्तों के लिए रवि प्रदोष व्रत विशेष फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि सच्चे मन और विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना करने से कार्यक्षेत्र में आने वाली बाधाएं दूर होती हैं और सफलता के नए रास्ते खुलते हैं। साथ ही, भगवान शिव और सूर्य देव की कृपा से जीवन में मान-सम्मान और खुशहाली बनी रहती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *