NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

भारत पेट्रोलियम ने E20 पर कर्नाटक के दावे को किया खारिज, फिर डिलीट किया ट्वीट; स्क्रीनशॉट वायरल

Share This Post

भारत पेट्रोलियम (BPCL) इन दिनों सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ‘मिथ वर्सेस फैक्ट’ (भ्रम बनाम तथ्य) नाम से एक अभियान चला रही है। इसका उद्देश्य कर्नाटक सरकार की ओर से पेट्रोल में E20 इथेनॉल मिश्रण को लेकर लगाए गए आरोपों का जवाब देना है। हालांकि, कंपनी के एक ट्वीट को अचानक डिलीट किए जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में सोशल मीडिया पर कंपनी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

क्या था भारत पेट्रोलियम का दावा?

रविवार को भारत पेट्रोलियम ने एक ट्वीट में दावा किया था कि मैसूर के एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा की जांच की गई। जांच के मुताबिक, पेट्रोल में निर्धारित मानक के अनुसार 20 प्रतिशत इथेनॉल मौजूद था।

हालांकि, सोशल मीडिया यूजर्स ने कंपनी के इस दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि जांच में इथेनॉल की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई थी और यह करीब 33 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। इसके बाद भारत पेट्रोलियम ने अपना ट्वीट डिलीट कर दिया।

हालांकि, ट्वीट हटाए जाने से पहले ही कई यूजर्स ने उसका स्क्रीनशॉट ले लिया था, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। कई लोगों ने स्क्रीनशॉट साझा करते हुए सरकारी तेल कंपनी से स्पष्टीकरण मांगा है।

कर्नाटक सरकार ने लगाए थे गंभीर आरोप

दरअसल, कांग्रेस के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार ने पिछले सप्ताह आरोप लगाया था कि तेल विपणन कंपनियों की ओर से बेचे जा रहे पेट्रोल में निर्धारित 20 प्रतिशत की सीमा से अधिक इथेनॉल मिलाया जा रहा है।

राज्य सरकार के मुताबिक, इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL), शेल (Shell) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड (HPCL) जैसी प्रमुख कंपनियों के पेट्रोल पंपों से लिए गए 63 नमूनों की जांच में E20 का स्तर निर्धारित मानक से अधिक पाया गया।

सरकार ने आशंका जताई कि पेट्रोल में तय सीमा से अधिक इथेनॉल मिलाने से वाहनों के प्रदर्शन और इंजन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इससे वाहन मालिकों को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

E20 को लेकर BJP-कांग्रेस में बढ़ा विवाद

इस मामले ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और कांग्रेस के बीच राजनीतिक विवाद को और तेज कर दिया है। कर्नाटक सरकार के आरोपों के बाद पेट्रोल में इथेनॉल मिश्रण की गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के पालन को लेकर बहस शुरू हो गई है।

केरल में पेट्रोल पंपों की रैंडम जांच शुरू

कर्नाटक के आरोपों के बीच कांग्रेस शासित केरल में भी पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल मिश्रण की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पहले चरण में तिरुवनंतपुरम, एर्नाकुलम, कोझिकोड और कन्नूर जिलों में रैंडम जांच की जा रही है।

राज्य के मंत्री अनूप जैकब ने बताया कि पेट्रोल पंपों से बेतरतीब तरीके से नमूने एकत्र किए जाएंगे और उन्हें सरकारी प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच के नतीजे करीब 10 दिनों के भीतर आने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि यदि पहले चरण की जांच में किसी तरह की गड़बड़ी सामने आती है, तो अभियान का विस्तार अन्य क्षेत्रों में भी किया जाएगा।

नियमों का उल्लंघन मिलने पर होगी कार्रवाई

केरल की कांग्रेस नेतृत्व वाली UDF सरकार ने स्पष्ट किया है कि यदि जांच में पेट्रोल में इथेनॉल की निर्धारित मात्रा से अधिक मिश्रण या अन्य अनियमितताएं पाई जाती हैं, तो संबंधित पेट्रोल पंपों को सील किया जा सकता है। इसके अलावा, नियमों का उल्लंघन करने वाले जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

इस पूरे मामले के बाद अब भारत पेट्रोलियम के डिलीट किए गए ट्वीट और कर्नाटक सरकार के आरोपों को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *