NATIONAL THOUGHTS

A Web Portal Of Positive Journalism 

वास्तु टिप्स: ईशान कोण में करें पूजा, दिवाली पर दूर होगी नकारात्मक ऊर्जा

Share This Post

दिवाली का त्योहार देशभर में धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। दीपों के इस पर्व पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दिवाली के दिन वास्तु के कुछ विशेष उपाय अपनाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। साथ ही सुख-समृद्धि और खुशहाली का आगमन होता है। आइए जानते हैं दिवाली पर वास्तु से जुड़े कुछ खास उपाय, जिन्हें अपनाकर आप अपने घर को सकारात्मक ऊर्जा से भर सकते हैं।

मुख्य द्वार की सफाई और सजावट का रखें ध्यान

दिवाली की सुबह सबसे पहले घर के मुख्य द्वार की अच्छी तरह सफाई करें। इसके बाद घर की दहलीज के ठीक बाहर चूने से एक सीधी और साफ रेखा बनाएं। वास्तु मान्यताओं के अनुसार, इसे नकारात्मक ऊर्जा को घर में प्रवेश करने से रोकने वाला सुरक्षा कवच माना जाता है।

इसके बाद मुख्य द्वार पर चावल के लेप या आलता से अंदर की ओर आती हुई मां लक्ष्मी के चरण चिह्न बनाएं। प्रवेश द्वार के आसपास जूते-चप्पल का स्टैंड और कूड़ेदान रखने से बचें। साथ ही नेमप्लेट को साफ रखें और सुनिश्चित करें कि मुख्य दरवाजा बिना किसी रुकावट के पूरी तरह खुलता हो।

दरवाजे पर आम के ताजे पत्तों या गेंदे के फूलों का तोरण लगाएं। इसके अलावा नेमप्लेट के पास कुमकुम से ‘श्री’ और दरवाजे के दोनों ओर ‘शुभ-लाभ’ लिखें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ये प्रतीक घर में शुभता और सकारात्मकता का संचार करते हैं।

सजावट से जगाएं सकारात्मक ऊर्जा

वास्तु शास्त्र के अनुसार, घर का उत्तर-पूर्व यानी ईशान कोण पूजा स्थल बनाने के लिए शुभ माना जाता है। दिवाली पर मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए इसी दिशा में मंदिर स्थापित करें। पूजा करते समय पूर्व दिशा की ओर मुख करके बैठें।

माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं को सीधे फर्श पर रखने के बजाय साफ कपड़े से ढकी हुई चौकी पर स्थापित करें। यदि घर में जगह की कमी या फ्लैट के डिजाइन के कारण ईशान कोण में पूजा स्थल बनाना संभव नहीं है, तो पूर्व या उत्तर दिशा का चयन कर सकते हैं। लिविंग रूम के उत्तर-पूर्व कोने में एक छोटी शेल्फ लगाकर भी पूजा स्थल तैयार किया जा सकता है।

शुभ रंगों से सजाएं पूजा स्थल

पूजा स्थल की सजावट में रंगों का विशेष महत्व माना जाता है। मंदिर की पृष्ठभूमि में क्रीम, आइवरी या हल्के पीले रंग के रेशमी कपड़े का इस्तेमाल करें। वहीं, पूजा की चौकी पर लाल या गुलाबी रंग का रेशमी वस्त्र बिछाएं। चौकी पर हाथ से कमल का चित्र बनाना भी शुभ माना जाता है।

इसके अलावा गोमती चक्र, कौड़ियां और एक चांदी का सिक्का लाल कपड़े में बांधकर पूजा के समय मां लक्ष्मी के सामने रखें। पूजा के बाद इस पोटली को अपनी तिजोरी में सुरक्षित रख सकते हैं।

महालक्ष्मी पूजन की थाली में चांदी का सिक्का, साबुत धनिया, कमलगट्टा, पीली कौड़ियां, रोली और शुद्ध घी जरूर शामिल करें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन वस्तुओं को पूजा में रखना शुभ माना जाता है।

दीपक जलाते समय इन वास्तु नियमों का रखें ध्यान

दिवाली पर दीपक जलाने का विशेष महत्व है। परंपरागत मान्यताओं के अनुसार, घर में विषम संख्या यानी 3, 5, 11 या 21 दीपक जलाना शुभ माना जाता है। पूजा स्थल पर रखे दीपक की बाती का मुख पूर्व या उत्तर दिशा की ओर रखें।

घर के प्रत्येक कोने, खिड़कियों, तुलसी के पौधे और रसोई में पानी रखने के स्थान के पास भी दीपक जलाएं। मुख्य पूजा में इस्तेमाल होने वाले दीपकों में शुद्ध देसी घी का प्रयोग करें। वहीं, मुख्य द्वार पर रखे जाने वाले दीपकों में तिल या सरसों का तेल इस्तेमाल करना पारंपरिक रूप से शुभ माना जाता है।

दीपकों से करें नवग्रहों का पूजन

दिवाली पर नवग्रहों की शांति और शुभ फल की कामना के लिए नौ अलग-अलग दीपक जलाने की परंपरा भी है। इन दीपकों में संबंधित ग्रहों से जुड़ी वस्तुएं अर्पित की जाती हैं।

सूर्य: दीपक में थोड़ी हल्दी डालें।

चंद्रमा: दीपक में साबुत चावल रखें।

मंगल: लाल मसूर की दाल अर्पित करें।

बुध: तीन हरी इलायची रखें।

बृहस्पति: गुड़ का छोटा टुकड़ा अर्पित करें।

शुक्र: गुलाब की पंखुड़ियां रखें।

शनि: दस लौंग अर्पित करें।

राहु: जौ रखें।

केतु: काले और सफेद तिल अर्पित करें।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, नवग्रहों से जुड़े इन उपायों को करने से ग्रह दोषों के अशुभ प्रभाव कम करने और जीवन में सुख-शांति बनाए रखने की कामना की जाती है। दिवाली के दिन श्रद्धा और विधि-विधान से पूजा करने के साथ घर की साफ-सफाई और सकारात्मक वातावरण का भी विशेष ध्यान रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *