शरद पूर्णिमा पर जरूर पढ़ें साहूकार की दो बेटियों की कथा….
शरद पूर्णिमा पर साहूकार की दो बेटियों वाली व्रत कथा पढ़ने और सुनने की परंपरा है। कथा में पूर्णिमा व्रत के महत्व और श्रद्धा के साथ नियमों का पालन करने का संदेश मिलता है। जानें साहूकार की दोनों बेटियों की पूरी व्रत कथा
शरद पूर्णिमा पर चंद्रमा की पूजा और खीर चढ़ाने के साथ व्रत कथा सुनने की भी परंपरा है। इस दिन कई घरों में शाम को पूजा के बाद साहूकार की दो बेटियों वाली कथा पढ़ी जाती है। कथा में दो बहनों का प्रसंग आता है। दोनों पूर्णिमा का व्रत रखती थीं, लेकिन उनके व्रत करने के तरीके अलग थे। मान्यता के अनुसार, इसी अंतर के कारण छोटी बहन को जीवन में दुख का सामना करना पड़ा। बाद में उसे व्रत का महत्व समझ आया। शरद पूर्णिमा पर इस कथा को पढ़ने और सुनने का विशेष महत्व माना जाता है।
आइए जानते हैं साहूकार की दो बेटियों की पूरी व्रत कथा और इससे जुड़ी मान्यता
शरद पूर्णिमा व्रत कथा
प्राचीन समय की बात है। एक नगर में एक साहूकार रहता था। उसकी दो बेटियां थीं। दोनों बेटियां पूर्णिमा का व्रत रखती थीं, लेकिन बड़ी बेटी पूरे विधि-विधान से व्रत करती थी। वह श्रद्धा के साथ पूजा करती और व्रत पूरा होने तक नियमों का पालन करती थी। छोटी बेटी भी व्रत रखती थी, लेकिन वह उसे बीच में ही अधूरा छोड़ देती थी। समय बीतने के साथ दोनों बहनों का विवाह हो गया। बड़ी बेटी के घर संतान का सुख आया, लेकिन छोटी बेटी के जीवन में दुख आने लगे। उसके घर जब भी संतान जन्म लेती, कुछ समय बाद उसकी मृत्यु हो जाती। इस घटना से वह परेशान रहने लगी। उसे समझ नहीं आता था कि उसके साथ ऐसा क्यों हो रहा है।
छोटी बेटी ने अपनी परेशानी विद्वानों को बताई। इस पर उसे पूर्णिमा व्रत की याद दिलाई गई। उसे बताया गया कि वह व्रत तो रखती है, लेकिन उसे पूरा नहीं करती। इसके बाद छोटी बेटी ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ व्रत करने का संकल्प लिया। कुछ समय बाद उसके घर एक पुत्र का जन्म हुआ। लेकिन इस बार भी बच्चा जन्म के कुछ समय बाद मृत हो गया। छोटी बेटी को गहरा दुख हुआ। उसने बच्चे के शरीर को एक आसन पर लिटाया और कपड़े से ढक दिया। इसके बाद उसने अपनी बड़ी बहन को घर बुलाया और उसी आसन पर बैठने के लिए कहा।
बड़ी बहन जैसे ही आसन पर बैठने लगी, उसके कपड़े बच्चे को छू गए। कपड़े का स्पर्श होते ही बच्चा रोने लगा। यह देखकर बड़ी बहन हैरान रह गई। उसने छोटी बहन से कहा कि अगर वह बैठ जाती तो बच्चे को चोट लग सकती थी। तब छोटी बहन ने पूरी बात बताई। उसने कहा कि बच्चा पहले ही मृत हो चुका था, लेकिन बड़ी बहन के स्पर्श से उसमें फिर से प्राण लौट आए। छोटी बहन ने इसे अपनी बड़ी बहन के पुण्य और व्रत के प्रभाव से जोड़कर देखा। इस घटना के बाद छोटी बहन को पूर्णिमा व्रत की महिमा का एहसास हुआ। उसने लोगों को इस व्रत के महत्व के बारे में बताया। तभी से श्रद्धालुओं के बीच पूर्णिमा व्रत की कथा सुनने और सुनाने की परंपरा प्रचलित मानी जाती है।
शरद पूर्णिमा पर क्यों सुनी जाती है यह कथा?
शरद पूर्णिमा को आश्विन मास की पूर्णिमा कहा जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन चंद्रमा अपनी पूर्ण आभा में होता है। श्रद्धालु चंद्रमा को अर्घ्य देते हैं और मां लक्ष्मी की पूजा करते हैं। कई घरों में दूध और चावल से खीर बनाकर चांदनी में रखने की परंपरा भी है। साहूकार की दो बेटियों वाली कथा में श्रद्धा और व्रत के नियमों का महत्व बताया गया है। इसी वजह से कई परिवारों में पूजा के समय इस कथा को पढ़ा या सुना जाता है।
शरद पूर्णिमा पर कैसे करें पूजा?
शरद पूर्णिमा के दिन सुबह स्नान के बाद घर के मंदिर में पूजा कर सकते हैं। शाम को चंद्रमा निकलने पर अर्घ्य देने और मां लक्ष्मी की पूजा करने की परंपरा है। पूजा के दौरान फल, मिठाई और खीर का भोग लगाया जाता है। इसके बाद श्रद्धालु व्रत कथा पढ़ते या सुनते हैं। कई परिवारों में खीर को चांदनी में रखने और अगले दिन प्रसाद के रूप में ग्रहण करने किया जाता है।