भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता पर भारतीय सशस्त्र बलों की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया है। भाजपा सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भारत ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पूरी दुनिया को सख्त संदेश दिया है।
उन्होंने कहा कि 22 अप्रैल से 7 मई के बीच देशभर में त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग हो रही थी, जिसे भारतीय सेना ने पूर्ण साहस और रणनीतिक क्षमता के साथ पूरा किया।
“दुश्मन की कल्पना से परे था बदला”: पात्रा
संबित पात्रा ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद 26 नागरिकों की शहादत का बदला लेने का वादा किया था। उन्होंने कहा था कि जवाब दुश्मन की सोच से परे होगा—और बिल्कुल वैसा ही हुआ।”
उन्होंने कहा, “सेना ने आतंकियों को मिट्टी में मिला दिया। मोदी जी ने कहा था ‘घुस कर मारेंगे’, और हमने वही किया। भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता ने एक बार फिर देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है।”
“ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सैन्य नहीं, रणनीतिक भी था”
पात्रा ने आगे कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ सिर्फ एक सैन्य कार्रवाई नहीं थी, बल्कि इसमें रणनीतिक निर्णय भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि सिंधु जल संधि, जिस पर पाकिस्तान 90% निर्भर है, उसे भी भारत द्वारा रद्द किया गया—जो कि पिछले 50 वर्षों में कभी नहीं हुआ।
भाजपा ने सेना को बताया ‘भारत का गौरव’
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज पूरा देश सेना, वायुसेना, नौसेना और उन सभी सैनिकों का आभार प्रकट करता है जिन्होंने इस अभियान को अंजाम दिया। उन्होंने इसे आतंकवाद के खिलाफ भारत की निर्णायक नीति का प्रतीक बताया।