गृह मंत्री अमित शाह ने सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने राज्यों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर उन्हें तुरंत देश से बाहर निकालें। यह फैसला उस उच्च स्तरीय बैठक के बाद लिया गया, जिसमें देश की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। गृह मंत्रालय ने साफ कर दिया है कि किसी भी पाकिस्तानी नागरिक को भारत में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
वीजा सेवा रद्द, तत्काल देश छोड़ने का आदेश
भारत सरकार ने पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सभी मौजूदा वीजा को रद्द कर दिया है। 27 अप्रैल तक सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। हालांकि, मेडिकल वीजा पर आए नागरिकों को 29 अप्रैल तक का समय दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने इस फैसले को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा कारणों से उठाया गया आवश्यक कदम बताया है।
आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक कदम
भारत ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक के बाद एक कई सख्त कदम उठाए हैं। वीजा रद्द करने के साथ ही भारत ने
पाकिस्तानी सैन्य अताशे को निष्कासित किया,
सिंधु जल संधि को स्थगित किया,
अटारी सीमा पर भूमि-पारगमन चौकी को बंद किया।
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब पहलगाम आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया है और भारत सरकार किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त करने के मूड में नहीं है।