उत्तराखंड के बद्रीनाथ में माणा गांव के पास हिमस्खलन की चपेट में आने से 47 मजदूरों के फंसे होने की आशंका है। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (BRO) के कैंप के पास यह हादसा हुआ, जहां सड़क निर्माण में लगे कुल 57 मजदूर मौजूद थे।
10 मजदूरों को बचाया गया
अब तक 10 मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया है और गंभीर हालत में सेना कैंप में भर्ती कराया गया है। बीआरओ के कार्यकारी अभियंता सीआर मीना के अनुसार, बचाव अभियान के लिए 3 से 4 एंबुलेंस भेजी गई हैं, लेकिन भारी बर्फबारी के कारण राहत दल को घटनास्थल तक पहुंचने में कठिनाई हो रही है।
सीएम धामी ने जताई चिंता
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर हादसे पर दुख जताया और कहा कि आईटीबीपी, बीआरओ और अन्य एजेंसियां राहत कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने सभी मजदूरों की सुरक्षा के लिए भगवान बद्री विशाल से प्रार्थना की।
बचाव कार्य जारी
प्रशासन और राहत दल पूरी कोशिश कर रहे हैं कि बर्फ में फंसे मजदूरों को जल्द से जल्द सुरक्षित निकाला जाए। खराब मौसम के चलते बचाव अभियान चुनौतीपूर्ण बना हुआ है, लेकिन राहत कर्मी लगातार जुटे हुए हैं।